प्रवीन मुंगटा। शिमला
हिमाचल में हाल ही में सम्पन्न हुए उप चुनावों में मिली जीत के बाद उत्साहित कांग्रेस अब एकजुट नज़र आ रही है। मंडी संसदीय सीट से नवनिर्वाचित सांसद प्रतिभा सिंह ने वीरवार को अपने निवास स्थान हॉलीलॉज में कांग्रेस विधायक, पूर्व विधायकों के लिए दोपहर के भोजन का आयोजन किया। इसमें नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, पूर्व अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू से लेकर कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता लंच पर हॉलीलॉज पहुंचे।
सभी ने प्रतिभा सिंह को चुनाव में जीत पर बधाई दी।आज प्रदेश में इस लंच डिप्लोमेसी को लेकर राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा रही और कुछ नेताओं और लोगों ने इसे हॉलीलॉज का शक्ति प्रदर्शन बताया। बहरहाल लंच डिप्लोमेसी के बहाने कांग्रेस की एकजुटता आने वाले समय के लिए आज एक बड़ा संदेश दे गयी है। मिशन-2022 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस यदि एकजुट होकर चुनाव लड़ती है तो उनकी जीत की राह आसान हो सकती है।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हॉलीलॉज में अक्सर इस तरह के लंच और डिनर का आयोजन किया करते थे। अपने जन्मदिन पर वह पार्टी के सभी विधायकों और नेताओं को बुलाते थे वहीं कई अन्य प्रमुख मौकों पर भी वह नेताओं को हॉलीलॉज बुलाते थे। यह पहला मौक़ा है जब वीरभद्र सिंह के निधन के बाद प्रतिभा सिंह व विक्रमादित्य सिंह द्वारा लंच का आयोजन किया गया। इसमें सभी नेताओं ने अपनी हाजरी भरकर संदेश दिया कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि जिस तरह से इन उपचुनावों में कोंग्रेस ने जीत दर्ज की है उससे कांग्रेस पार्टी में खुशी का माहौल है लेकिन दुःख इस बात का है आज दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह हमारे बीच नहीं है आज उनकी कमी खल रही है। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय सीट पर जीत के बाद प्रतिभा सिंह ने लंच का आयोजन किया था जिसमें सभी नेता शामिल हुए हैं।
उपचुनावों में हमें बहुत बड़ी जीत मिली है और आज खुशनुमा माहौल में सभी नेता एक साथ मिले हैं और इससे एकजुटता का संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह की ग़लत अफ़वाहें विपक्ष फैला रहे थे कि कांग्रेस गुट में बंटी है अब उनका मुह इससे बंद हो जाएगा। कांग्रेस 2022 में भी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगी और बड़ी जीत दर्ज करेगी।
वहीं कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जिस तरह से उप चुनाव में कांग्रेस जीती है उसी खुशी में सभी विधायकों पूर्व विधायकों को आज लंच पर आमंत्रित किया गया था और ये खुशी का मौका था इसमें एकजुटता का संदेश देने के लिए सभी नेता एकत्रित हुए थे। जिस तरह से उपचुनावों में सभी नेता थके हुए थे और अब जीत के बाद काफ़ी उत्साहित है, ये कांग्रेस का परिवार है, वहीं वीरभद्र सिंह की कमी भी रही।
उन्होंने कहा कि हॉलीलोज ने कई ऐसे दौर देखे हैं और इस तरह के आयोजन हमेशा यहाँ होते रहते थे लेकिन ये पहला मौका है कि वीरभद्र सिंह हमारे बीच नहीं है लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ है और आगे भी बना रहेगा और जिस तरह से ये चुनाव जीते है। 2022 में भी कांग्रेस चुनाव जीत कर सत्ता पर काबिज होगी।
वहीं कांग्रेस विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस ने एकजुट होकर उपचुनाव में जीत दर्ज की है। जीत की खुशी में सांसद प्रतिभा सिंह ने लंच का आयोजन किया था जिसमें सभी नेता शामिल हुए हैं। उपचुनावों में जिस तरह पार्टी एकजुट हो कर चुनाव लड़ी है, 2022 में भी इसी तरह से कांग्रेस चुनाव लड़ेगी और सत्ता में काबिज होगी। हालाँकि सुक्खू ने कहा कि पार्टी स्तर पर महत्त्वपूर्ण फैसले लेने की भी जरूरत है।
पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि उप चुनाव में विधायक, पूर्व विधायक, कांग्रेस के ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ताओं ने मेहनत की है। उसके बाद यह लंच रखा गया था। यहां कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई है। जब सभी नेता एकजुट हो गए हैं, चर्चाएं अपने आप खत्म हो जाती हैं। 2022 में कांग्रेस को सत्ता में लाना है इसके लिए सभी एकजुट है।
कोंग्रेस वरिष्ठ नेत्री आशा कुमारी ने कहा कि पुराने साथियों से मिलने का मौका मिला।गैर राजनीतिक कार्यक्रम था। कांग्रेस एकजुट है और 2022 में प्रचंड जीत से सत्ता पर क़ाबिज़ होंगे। उन्होंने कहा की प्रदेश की जनता ने जिस तरह से उप चुनाव में कांग्रेस का साथ दिया है उसी तरह से 2022 में भी जनता भाजपा को नकार कर कांग्रेस का समर्थन करेगी।