शिमला। शिमला जिले में एक भयानक सडक़ हादसा सामने आया है। चौपाल पुलिस थाना क्षेत्र के तहत पुलबाहल-नाउणी मुख्य सडक़ पर जामू नाला के पास एक आल्टो कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोशन लाल निवासी गांव रूइंजा के रूप में हुई है। यह हादसा मंगलवार देर रात को हुआ था।

जानकारी के अनुसार हादसे का खुलासा तब हुआ जब एक अन्य वाहन चालक वहां से गुजरा। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में ग्राम माउना (पुलबाहल) निवासी नंद लाल ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई साहिल के साथ सिरमौर जिले के धमांदर में एक शादी समारोह में गए थे। वहां से वे अपनी कार से वापस घर लौट रहे थे। जब वे जामू नाला के पास पहुंचे, तो सडक़ पर आल्टो कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी थी।
नंद लाल और उनके भाई ने जब वहां रुककर जांच की तो पता चला कि यह कार रूइंजा गांव के रोशन लाल की है। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना रोशन लाल के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। जब रात के अंधेरे में आसपास तलाश की गई तो चालक रोशन लाल का शव सडक़ के ऊपर एक पहाड़ी पर पड़ा हुआ मिला। चौपाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।










