शिमला। शिमला में चिट्टा तस्करी के एक मामले में अदालत ने आरोपी को एक साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सीबीआई) शिमला की अदालत ने आरोपी अनूप कुमार (37) निवासी ठियोग जिला शिमला को दोषी करार देते हुए यह सजा सुनाई। अदालत ने आरोपी पर 12 हज़ार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

पुलिस के अनुसार यह मामला शिमला के पुलिस थाना बालूगंज में दर्ज किया गया था। 15 जनवरी 2020 को दर्ज अभियोग में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 21 के तहत कार्रवाई की गई थी। मामले में आरोपी अनूप कुमार के कब्जे से करीब 17 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया था।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान जरूरी साक्ष्य जुटाए और अदालत में मामले की पैरवी की। इसके बाद अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए एक साल के कठोर कारावास और 12 हज़ार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
एससपी शिमला गौरव सिंह ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार नशा तस्करी के मामलों में जांच और न्यायालय में प्रभावी पैरवी के माध्यम से दोषियों को सजा दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।







