शिमला। शिमला जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में एक युवती समेत तीन लोगों को हेरोइन के साथ पकड़ा है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में कुल 24.130 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया है।

पुलिस थाना ढली की टीम ने 7 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों से 3.500 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार (30) निवासी मनीमाजरा, चंडीगढ़ और शालू (30) निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस थाना रामपुर की टीम ने 8 सितंबर को गश्त और अपराध निरोधक ड्यूटी के दौरान ल्हासा स्थित रेन शेल्टर के समीप एक व्यक्ति की तलाशी ली।
पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 20.630 ग्राम हेरोइन और 330 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी की पहचान शिवम कुमार नर (28) निवासी पंजाब के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।








