हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
हिमाचल के 10 शहरों में नगर निगम और नगर पंचायत चुनाव का एलान हो गया है। राज्य चुनाव आयोग ने शनिवार को इस बारे में शेड्यूल जारी किया। इस शेड्यूल के जारी होने के साथ ही इन सभी 10 शहरों में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
इस बार नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया डिफरेंट रहेगी और नगर पंचायतों में चुनाव पुरानी प्रक्रिया के अनुसार ही होंगे। धर्मशाला को छोड़कर बाकी नगर निगम और नगर पंचायत में जयराम सरकार ने नए सिरे से गठित की थी। राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार नगर निगमों में 22 से 24 मार्च के बीच नामांकन होंगे और 7 अप्रैल को वोटिंग होगी।
लगभग यही शेड्यूल नगर पंचायतों के लिए भी है। 7 अप्रैल को मतदान के एकदम बाद मतगणना होगी। क्योंकि नगर निगम और नगर पंचायतों में ईवीएम के जरिए मतदान होना है, तो नतीजे भी जल्दी मिल जाएंगे।
हालांकि राज्य चुनाव आयोग इसी शेड्यूल के अनुसार इससे पहले हिमाचल के 3 ब्लॉकों में पंचायत चुनाव का शेड्यूल भी जारी कर चुका है। पंचायतों में भी प्रधान पद के लिए 7 अप्रैल को ही वोटिंग है। शहरी निकायों में भी यह फाइनल डेडलाइन 7 अप्रैल की इसलिए रखनी पड़ रही है, क्योंकि धर्मशाला नगर निगम के सदन का 8 अप्रैल से पहले चुना जाना जरूरी है।
यह रहेगा चुनाव शेड्यूल
नामांकन-22 से 24 मार्च, 2021
नामांकन की छंटनी-25 मार्च, 2021
नामांकन वापसी-27 मार्च, 2021
पोलिंग स्टेशन सूची-22 मार्च, 2021
मतदान एवं गणना-7 अप्रैल, 2021
नगर निगम चुनाव में इस बार पार्टी सिंबल
चार नगर निगम धर्मशाला, मंडी, सोलन और पालमपुर के चुनाव में इस बार पार्टी सिंबल पर चुनाव होगा, जबकि नगर पंचायत चुनाव में व्यवस्था पुरानी ही रहेगी।
नगर निगम में पार्टी सिंबल के अलावा ओबीसी के लिए आरक्षण पहली बार है और साथ में एंटी डिफेक्शन लॉ को भी लागू किया गया है। इन सारी व्यवस्थाओं के अनुसार यह चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी और 8 अप्रैल से पहले नगर निगम और नगर पंचायतों के नतीजे सामने होंगे।