हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
हिमाचल परिवहन संयुक्त समन्वय समिति ने आरोप लगाया है कि एचआरटीसी प्रबंधन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर नहीं है।
अपनी लम्बित मांगों को लेकर परिवहन कर्मचारी पिछले 2 माह से आंदोलनरत हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। समन्वय समिति का कहना है कि सरकार उन्हें 18 अक्तूबर से पहले वार्ता के लिए बुलाए, अगर ऐसा नही होता है तो वे 18 अक्तूबर को पूरे प्रदेश में हड़ताल करेंगे और HRTC बसें नहीं चलेंगी।
समन्वय समिति के अध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर ने कहा कि कई वर्षों से वित्तीय भते देय हैं। 15 प्रतिशत डीए व अन्य देय भत्तों को सरकार नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि 15 महीने का नाइट ओवरटाइम, पेंशन, ग्रेच्युटी, मेडिकल रिइंवर्समेंट सहित कुल 582 करोड़ वित्तीय भुगतान देय है।
प्यार सिंह ठाकुर का कहना है कि आज परिवहन कर्मचारी ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्हें कभी भी समय पर सैलरी नहीं मिलती है, जिस वजह से उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और घर का गुजर-बसर करना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें वार्ता के लिए बुलाए अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो 18 अक्तूबर को काम छोड़ो आंदोलन किया जाएगा।इस दौरान पूरे प्रदेश में एचआरटीसी की बसें बंद रहेंगी।