अप्पर शिमला से आने वाले वाहनों को वायां भट्टाकुफर व संजौली होकर भेजा, यातायात बाधित होने से लोगों को हुई परेशानी
शिमला। ढली-संजौली बाइपास पर वीरवार को दोपहर बाद भारी भूस्खलन हुआ। जिसके चलते वाहनों की आवाजाही बाधित रही। सड़क पर बड़ी चट्टानें और देवदार के पेड़ गिरे। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारे लग गई। गनिमत यह रही कि इस दौरान किसी भी प्रकार की कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई और कोई वाहन भी इसकी चपेट में नहीं आया। यहां पर बड़ा हादसा होने से टल गया।

पुलिस ने इस दौरान अप्पर शिमला से आने वाले वाहनों को ढली से वायां भट्टाकुफर व संजाली होकर भेजे। यातायात बाधि होने लोगों को इस दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि लोक निर्माण विभाग सड़क से मलबा हटाने में पूरी तरह से जुट गया। भूस्खलन के चलते अप्पर शिमला से आने जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर ज्यादा असर पड़ा है, क्योंकि अप्पर शिमला और करसोग जाने वाली बसें इसी बाइपास से जाती है। ऐसे में बाइपास बंद होने के कारण अप्पर शिमला और करसोग जाने वाली बसें समय से गतंव्य तक नहीं पहुंची।
पत्थर और मलबा गिरने की घटनाओं ने वाहन चालक परेशान
बता दें बारिश का सीजन शुरू होते ही पहाड़ की धड़कनें बढ़ गई हैं। ढली बाईपास के समीप पहाड़ से लगातार पत्थर और मलबा गिरने की घटनाओं ने वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। सड़क के किनारे स्थित पहाड़ी हिस्से में दरारें दिखाई देने लगी हैं, जिससे किसी बड़े भूस्खलन की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है कि मलबा हटाने और सड़क को सुरक्षित बनाने का कार्य संबंधित विभाग द्वारा लगातार किया जा रहा है। मार्ग बंद होने के कारण इस सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को असुविधा हो सकती है। पुलिस ने सभी लोगों से अनुरोध किया कि वे फिलहाल ढली-संजौली बाईपास मार्ग का उपयोग न करें व अपनी यात्रा की योजना वैकल्पिक मार्गों के अनुसार बनाएं। कृपया मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।








