शिमला । शिमला जिले की विशेष अदालत ने दुष्कर्म के एक मामले में दोषी को 20 साल के कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। विशेष न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट (दुष्कर्म एवं पॉक्सो) शिमला ने 14 अक्टूबर 2026 को यह सजा सुनाई।

शिमला पुलिस के अनुसार इस मामले में वंश कल्टा निवासी चौपाल के खिलाफ 14 फरवरी 2021 को पुलिस थाना चौपाल में मामला दर्ज किया गया था। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत अभियोग दर्ज हुआ था। मामला दर्ज होने के समय आरोपी की उम्र 16 वर्ष थी।
मामले की जांच पुलिस थाना चौपाल की पुलिस ने की थी। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान जरूरी साक्ष्य जुटाए गए और अदालत में प्रभावी पैरवी की गई। इसके बाद अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
शिमला पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के मामलों में निष्पक्ष जांच और अदालत में प्रभावी पैरवी के माध्यम से दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने के प्रयास किए जाते हैं।







