शिमला। स्पेशल सेल शिमला की पुलिस टीम गश्त के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर चिट्टा लेकर आ रहा है। उक्त सूचना पर त्वरित एवं योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा ठाकुर बाग के पास नाका स्थापित किया गया तथा संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया। बाइक सवार की पहचान गगन दीप सिंह (33) उर्फ दीपू पुत्र जसबीर सिंह, निवासी गुरु नानक कॉटेज, अनाडेल, शिमला के रूप में हुई।

मौके पर गवाहों की उपस्थिति में मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के साइड पैनल में छुपाकर रखा गया, करीब 36 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इस संबंध में थाना बालूगंज में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगामी जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण व बैकवर्ड लिंकज के आधार पर चिट्टे की इस खेप के सप्लायर आरोपी अंकित ठाकुर (27) पुत्र पवन कुमार निवासी सेक्टर-80, मोहाली पंजाब को हमीरपुर से गिरफ्तार किया।
जांच में पाया गया कि अंकित ठाकुर मुख्य आरोपी गगन दीप सिंह को चिट्टे की सप्लाई काफी समय से कर रहा था। उक्त गिरफ्तारी से नशा तस्करी के नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी का पर्दाफाश हुआ है। एसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ जीरो टोलरेंस नीति अपनाई जा रही है।







