शिमला। नागरिक केंद्रित पुलिसिंग की दिशा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शिमला पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में उल्लेखनीय कार्य करने पर शिमला जिला पुलिस को हिमाचल प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ जिला घोषित किया गया है। यह सम्मान उसे मोबाइल ट्रेसिंग और रिकवरी में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर मिला है।
यह जानकारी भारत सरकार के संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग हिमाचल प्रदेश लाइसेंस सेवा क्षेत्र की ओर से दी गई है। विभाग के उपमहानिदेशक (टेलीकॉम) संदीप आर्या ने पत्र जारी कर बताया कि शिमला पुलिस को यह सम्मान 6 नवम्बर को होने वाले वार्षिक उत्तर क्षेत्रीय सुरक्षा सम्मेलन में प्रदान किया जाएगा। यह सम्मेलन जिला सोलन के कियारिघाट स्थित एचपीटीडीसी होटल मेघदूत में आयोजित होगा।
दूरसंचार विभाग इस सम्मेलन में सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर एक दिवसीय विशेष सत्र आयोजित करेगा। इसमें उत्तर भारत के सभी लाइसेंस सेवा क्षेत्र—दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश (पूर्व और पश्चिम)—के अधिकारी भाग लेंगे। इसके साथ ही, केंद्रीय व राज्य स्तरीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों और उत्तर क्षेत्र के राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर उन जिला पुलिस इकाइयों और रेलवे पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसी क्रम में हिमाचल प्रदेश में शिमला जिला को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली इकाई के रूप में चयनित किया गया है।
यह उपलब्धि शिमला पुलिस की तकनीकी दक्षता, त्वरित कार्रवाई और नागरिक केंद्रित कार्यप्रणाली को दर्शाती है। सम्मेलन में दूरसंचार नेटवर्क सुरक्षा, बढ़ते साइबर खतरों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच तकनीकी सहयोग पर भी चर्चा की जाएगी।
शिमला पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी को इस सम्मेलन में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जहां उन्हें शिमला पुलिस की इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सम्मानित किया जाएगा।