शिमला। शिमला स्थित राम मंदिर हाल में मुस्लिम परिवार की युवती के निकाह पर विवाद गहरा गया है। हिंदू संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि अगर राम मंदिर हाल में निकाह हुआ तो विरोधस्वरूप मुंडन किया जाएगा। इस संबंध में राम मंदिर हाल की व्यवस्था देखने वाली सूद सभा शिमला को ज्ञापन सौंपा है। सूद सभा शिमला के अध्यक्ष राजीव सूद ने स्पष्ट किया कि राम मंदिर हाल में बुकिंग के लिए जाति और धर्म के आधार पर किसी तरह का कोई भेदभाव नहीं किया जाता। सूद सभा हाल राम मंदिर से अलग है। तय नियमों के तहत ही यहां कार्यक्रम होते हैं। राम मंदिर हाल में निकाह नहीं होने वाला है, निकाह मस्जिद में ही होगा। राम मंदिर हाल में सिर्फ रिसेप्शन होगी।

राजीव सूद ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब मुस्लिम परिवार की शादी का कार्यक्रम राम मंदिर हाल में किया जा रहा है। इससे पहले भी कई बार यहां शादियां होती रही हैं। मुस्लिम परिवार ने लिखित में सूद सभा को आश्वस्त किया है नियमों के तहत ही हाल का इस्तेमाल किया जाएगा। हाल में होने वाले कार्यक्रमों में मांस और मदिरा परोसने की अनुमति किसी भी समुदाय या वर्ग को नहीं है।
कहा-अधिकतर मेहमान हिंदू होंगे
बेटी की शादी के लिए हाल बुक करने वाले पिता मोहम्मद नासिर और माता शबाना का कहना है कि वे कई पीढ़ियों से यहीं रह रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यहां वे सिर्फ समाज के लोगों के लिए रिसेप्शन दे रहे हैं। इस कार्यक्रम में ज्यादातर लोग हिंदू समाज से संबंध रखने वाले भी होंगे, बेवजह इस मामले को तूल नहीं दिया जाना चाहिए।
बनेगा शाकाहारी भोजन
श्रीराम मंदिर हाल में सभी नियमों का सही तरह से पालन किया जाएगा। रिसेप्शन में कुक भी हिंदू श्रवण शर्मा हैं। नियमों के मुताबिक राम मंदिर हाल में शाकाहारी भोजन ही परोसा जाएगा।





