हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
जिला शिमला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नारकंडा में शुक्रवार रात को बर्फबारी हुई है। हाटू की पहाडिय़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। इस कारण जिला में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बर्फ से लोगों को जहां ठंड झेलनी पड़ रही है, वहीं दिसंबर की बर्फ किसानों और बागवानों के लिए वरदान साबित होगी।
जानकारी के अनुसार रातभर जिला में बारिश और हल्की बर्फबारी का दौर जारी रहा। पर्यटन स्थल नारकंडा के हाटू पीक में तेज बर्फबारी हुई है। वहीं टूरिस्ट प्वाइंट कुफरी में भी बर्फबारी हुई है। इससे यहां पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को ऊंचे व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी व वर्षा की संभावना जताई गई थी। वहीं 13 दिसंबर से मौसम के साफ रहने की संभावना जताई गई है।
शिमला सहित कई स्थानों पर इस दौरान बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
बर्फबारी होने से नारकंडा बंद हो चुका है और वाया बसंतपुर होकर बसें जा रही हैं। इसके साथ ही रोहड़ू में 10 लिंक रोड बंद हो गए हैं। डोडरा-क्वार से संपर्क कट गया है। वहीं शिमला की चायल सड़क भी बंद हो चुकी है।