पदमदेव कॉम्पलेक्स में होगा दिव्य दर्शन का आयोजन, विभिन्न जिलों में चल रही यात्रा
शिमला। शिमला में 9 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अवसर रहेगा। पवित्र सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के मूल स्वरूप के दिव्य दर्शन का आयोजन रिज मैदान स्थित पदमदेव कॉम्पलेक्स में किया जा रहा है। कार्यक्रम शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें श्रद्धालुओं को दिव्य दर्शन, स्र्पश पूजा, आध्यात्मिक सत्संग और प्रसाद वितरित किया जाएगा। यह आयोजन आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा करवाया जा रहा है। यह आध्यात्मिक यात्रा 1 अप्रैल से 10 अप्रैल तक हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में चल रही है। यात्रा चंबा से प्रदेश के कई स्थानों से गुजरते हुए वीरवार को शिमला पहुंचेगी।

आर्ट आफॅ लिविंग की राज्य मीडिया प्रभारी तृप्ता शर्मा ने कहा कि यात्रा का उदेश्य समाज में शांति, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का संदेश देना है। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, ध्यान सत्र और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे है। शहर में इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों ने सभी लोगों से अपील की है कि वह निर्धारित समय पर पहुंचकर इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में भाग लें और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करें।







