शिमला। शिमला में गुरुवार सुबह उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब पूर्व कांग्रेस नेता युद्धवीर सिंह बैंस को पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। इस दौरान बैंस ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए राज्य की सुक्खू सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, युद्धवीर सिंह बैंस अपने निजी वाहन से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान शिमला के कार्ट रोड पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर बैंस नाराज हो गए और उन्होंने मौके पर ही विरोध शुरू कर दिया।
पूर्व कांग्रेस नेता युद्धवीर बैंस ने पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। बैंस ने आरोप लगाया कि उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय को शिकायत दी हुई है, जिसके चलते उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें अदालत से जमानत की सुरक्षा मिली हुई है, इसके बावजूद पुलिस उनके पीछे लगी हुई है, जो कई सवाल खड़े करता है।
प्रदेश की राजनीति में तेज हुई हलचल
इस घटना के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पूर्व कांग्रेस नेता के आरोपों ने सुक्खू सरकार को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। हालांकि, पुलिस या सरकार की तरफ से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।







