शिमला में दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए गई नगर निगम शिमला की टीम के साथ दुकानदारों ने धक्का मुक्की कर दी। वारदात के बाद नगर निगम शिमला की टीम ने माल रोड के एक दुकानदार के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
बताया जाता है कि इस मामले में कई दुकानदार थे लेकिन अभी एक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। एसमी शिमला के आयुक्त भूपेन्द्र अत्री का कहना है कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ निगम की कार्रवाई जारी रहेगी। इसमें नगर निगम पुलिस की भी सहायता लेगा।
उनका कहना है कि दुकानदारों को लंबे समय से सहयोग के लिए कहा जा रहा था, लेकिन वह नहीं मान रहे। माल रोड पर भी लाइन से बाहर तक उन्होंने अपना सामान सजा रखा है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
बुधवार को शिमला नगर निगम की टीम अतिक्रमण को लेकर माल रोड और लोअर बाजार में पहुंची। जैसे ही टीम माल रोड पर पहुंची और सड़क पर सजाए सामान को उठाने लगी तो इसी दौरान दुकानदार दुकानों से बाहर निकल कर कर्मचारियों के साथ उलझना शुरू हो गए। इस दौरान दुकानदारों ने निगम के कर्मचारियों के साथ न केवल बदसलूकी की बल्कि धक्का-मुक्की की और धमकियां भी दी। दुकानदारों ने गाड़ी में बैठे कर्मचारियों से गालीगलौच भी की है। घटना के समय मौके पर पुलिस भी टीम के साथ थी।
वीडियो फुटेज से दुकानदारों की पहचान शुरू
मामला गंभीर होता देख पुलिस के पेहरे में अतिक्रमण हटाने गई एमसी की टीम को सुरक्षित यहां से निकाला गया। अब निगम ने इस पूरी घटना की वीडियो फुटेज के आधार पर दुकानदारों की पहचान शुरू कर दी है। अभी एक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। निगम कमिश्रर का कहना है कि भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निगम प्रशासन का कहना है कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कई दुकानदार फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर सामान फैलाकर रखते हैं जिससे आम लोगों और पर्यटकों को आवाजाही में दिक्कत होती है।
नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने स्पष्ट किया है कि शिमला को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करना न केवल नियमों के खिलाफ है बल्कि इससे शहर की सुंदरता और पर्यटकों की सुविधा पर भी असर पड़ता है।
बता दें कि शिमला शहर में उच्च न्यायालय ने भी नगर निगम को दुकानों के बाहर सजे सामान को हटाने के लिए कह रखा है। यह अभियान रोजाना लोअर बाजार में चलाया जाता है जहां से फायर ब्रिगेड की गाड़ी चलाई जाती है। मगर जब यह वाहन वहां से गुजरता है तो दुकानदार सामान को हटा देते हैं लेकिन इसके जाते ही दोबारा से बाजार यूं ही सज जाता है और सडक़ पर अतिक्रमण कर दिया जाता है। अब नगर निगम ने लोअर बाजार के साथ माल रोड पर भी सामान हटाने की मुहिम शुरू कर दी है।