नाहन। जिला सिरमौर के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सडक़ हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा बांदल-सुराग सडक़ पर क्यार नामक स्थान के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार हादसा रविवार करीब 12 बजे के आसपास हुआ। अल्टो कार में दो लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि क्यार के पास पहुंचते ही चालक वाहन से संतुलन खो बैठा, जिसके बाद कार सडक़ से नीचे लुढक़ती हुई दूसरी ओर सडक़ के नीचे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान अनिल कुमार (36) पुत्र बलबीर सिंह निवासी खाल क्यार और गुमान सिंह (48) पुत्र अमर सिंह निवासी धार टारन के रूप में हुई है। हादसे में अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल गुमान सिंह ने नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह चालक का वाहन पर से नियंत्रण खोना मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिला पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि की है।








