पांवटा साहिब। सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब में बुधवार देर शाम एक रहस्यमयी घटना सामने आई है। यहां यमुना घाट से एक 10 वर्षीय बच्ची का शव बरामद किया गया है। महज एक महीने के भीतर यमुना नदी से किसी लापता का शव मिलने का यह दूसरा मामला है।
जानकारी के अनुसार मृतका अपने प्रवासी माता-पिता के साथ जलजीरा गुरुद्वारे के समीप एक किराए के कमरे में रहती थी। बुधवार को मृतका के भाई का जन्मदिन था। माता-पिता जन्मदिन का सामान खरीदने के लिए बाजार गए हुए थे, जबकि 10 वर्षीय बच्ची घर पर अकेली थी। जब परिजन बाजार से वापस लौटे, तो घर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। घर की अलमारियों का सामान बुरी तरह बिखरा हुआ था और बच्ची वहां से गायब थी।

परिजनों ने तुरंत आसपास के इलाके में बच्ची की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। इसी बीच, देर शाम उन्हें सूचना मिली कि यमुना नदी में एक बच्ची का शव तैरता हुआ मिला है। घबराए परिजन जब यमुना घाट पहुंचे, तो उन्होंने शव की शिनाख्त अपनी लापता बेटी के रूप में की।
घटना की भनक लगते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव को पहले सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया, जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया गया है। थाना प्रभारी कुलवंत सिंह और डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच तेज कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से गहन पूछताछ कर रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।







