सिरमौर। जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में रोनहाट के पास गुरुवार को दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां पेट्रोल पंप के समीप गाड़ी के खाई में गिरने से युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार आज सुबह रोनहाट के पास एक कार (एचपी 71ए 7990) अनियंत्रित होकर सीधे भंगाल खड्ड में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को खड्ड से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उसे उपचार के लिए पहले सीएचसी रोनहाट ले जाया गया और हालत नाजुक होने पर शिलाई अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अजय धीमान (32) पुत्र सूरत सिंह, गांव शरोग, डाकघर कांडो भटनोल, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। शिलाई अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार अजय पेंटर के साथ-साथ बजंतरी का काम भी करता था। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है।







