शुक्रवार को पांवटा साहिब उपमंडल के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने के निर्देश
नाहन। जिला सिरमौर में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब सड़कों पर साफ दिखाई देने लगा है। ताजा मामला शिलाई क्षेत्र के टिक्कर खाला का है, जहां तेज बारिश के चलते भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। हालात ऐसे हो गए कि सड़क का नामोनिशान तक मिट गया और यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया।

मलबा सड़क पर आने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों ने घटनास्थल के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं, जिनमें सड़क पूरी तरह मलबे से ढकी हुई दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्रवासियों और यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और अत्यंत सावधानी बरतें। उनका कहना है कि यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो क्षेत्र की अन्य सड़कें भी बंद हो सकती हैं।
उधर, लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने भी एडवाइजरी जारी की है। एहतियात के तौर पर शुक्रवार को पांवटा साहिब उपमंडल के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

सिरमौर में भारी बारिश से 34 सड़कें बंद, 87 लाख का नुकसान
जिला सिरमौर में लगातार हो रही बारिश से सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है। जिला आपदा प्रबंधन केंद्र सिरमौर द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार अधीक्षण अभियंता 12वां सर्कल लोक निर्माण विभाग नाहन से मिली जानकारी के आधार पर जिले में अब तक 34 सड़कें क्षतिग्रस्त या बाधित हो चुकी हैं। डिवीजन के अनुसार शिलाई में सबसे अधिक 21, संगड़ाह में 08, नाहन में 04 और राजगढ़ में 1 सड़क बंद है। लोक निर्माण विभाग को प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लगभग 87 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।वहीं तहसील शिलाई के चनपुरधार क्षेत्र में 8 जुलाई को ऊंचाई से गिरने के कारण एक बैल की मौत हो गई। मृतक पशु कांडी निवासी चैतर सिंह पुत्र जगत सिंह का बताया गया है। पशु हानि का अनुमानित नुकसान 15 हजार रुपये आंका गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में अभी हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन केंद्र का टोल फ्री नंबर *1077* पर संपर्क किया जा सकता है।








