नाहन। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब कालाअंब नेशनल हाईवे 07 पर शुक्रवार सुबह खजुरना के समीप आलू की बोरियों से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बोलेरो वाहन पर पलट गया।

हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। ट्रक की टक्कर लगने से बोलेरो जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार चालक, एक महिला और बच्चा बाल-बाल बच गए। वहीं, ट्रक चालक सिकंदर और परिचालक मोहम्मद याकूब गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो गाड़ी मालोवाला की ओर से नाहन की तरफ आ रही थी, जबकि ट्रक पांवटा की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक खजुरना पुल के पास पहुंचा, तो अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए।
वहीं ट्रक चालक ने अंतिम क्षण तक वाहन को नियंत्रित करने और बोलेरो को सीधी टक्कर से बचाने की पूरी कोशिश की। चालक ने ट्रक को दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन भारी वजन और तेज रफ्तार के चलते आलू से लदा ट्रक बोलेरो पर पलट गया। उधर पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।







