गौशाला में गाय और बछड़ा जिंदा जले
राजगढ़। सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के पझौता क्षेत्र में मंगलवार देर रात भीषण अग्निकांड हुआ, जहां लकड़ी का एक मकान जलकर राख हो गया। इस घटना में गौशाला भी आग की भेंट चढ़ गई, जिसमें गाय और बछड़ा जिंदा जल गए। गनीमत ये रही कि यहां रह रहा एक परिवार आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।
घटना जदोल-टपरोली पंचायत के टपरोली गांव की है, जहां रात करीब 11:00 बजे मनोज ठाकुर पुत्र स्वर्गीय बलदेव ठाकुर के मकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा घर आग की लपटों में घिर गया।

आग पर काबू पाने की कोशिश रही नाकाम
आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सारा सामान कुछ ही पलों में जलकर राख हो गया। मकान से उठते आग के बड़े गोलों और धुएं को देख स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
पीड़ित परिवार को हुआ भारी नुकसान
घटना के दौरान मनोज के घर में रह रहे राजू और उनका परिवार किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग की चपेट में आकर एक गाय और एक बछड़े की मौत हो गई। इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।








