धीरज चोपड़ा। पांवटा साहिब
खुद जमानत पर चल रहे वीरभद्र सिंह व उनका परिवार मुख्यमंत्री जयराम से इस्तीफा मांग रहे हैं। यह बात पांवटा दून के विधायक सुखराम चौधरी ने एक प्रेस वार्ता में कही। इस दौरान उन्होंने कहा कि सेब लोडिंग घोटाले मामले में वीरभद्र सिंह व उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह व पुत्र विक्रमादित्य खुद जमानत पर हैं, तो वह नैतिकता के आधार पर कैसे मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किस तरह उन्होंने अपने कार्यकाल में स्कूटर व अन्य गाडिय़ों के जरिये सेब ढोये जिसके चलते पांच साल से वे अपने परिवार के साथ अदालत के चक्कर काट रहे हैं और हमारे मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नैतिकता की बात कर रही है, नैतिकता क्या है वह डॉ. राजीव बिंदल से सीखे, जिन्होंने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को नैतिकता का इतना पता होता तो वीरभद्र सिंह व विक्रमादित्य को विधानसभा से अपना इस्तीफा देकर नैतिकता निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना के दौरान हिमाचल सरकार बेहतरीन काम कर रही है, जिसका पूरा श्रेय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को जाता है।