मोहन कपूर। केलांग
जिला लहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला के लाहौल में 134 में से 131 व स्पीति में 43 में से 43 सड़कें भारी बर्फबारी के कारण बंद हो चुकी हैं। जगह-जगह गाड़ियों के फंसे होने की खबर आ रही है।
गोंधला में लगभग 7 गाड़ियां फंसी हैं। इनमें 2 पिकअप, इनोवा, 2 मोटरसाइकिल के अलावा कुछ और गाड़ियां भी फंसी हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक लेह-लद्दाख के एक दंपति को गोंदला में सूरज ठाकुर ने अपने घर में पनाह दी है।

कुछ लोग होटलों व होम स्टे में ठहरे हैं। ये सभी मनाली की तरफ जा रहे थे। ताज़ा जानकारी मिलने तक केलांग में अब तक डेढ़ फुट, गोंदला, सिस्सू व कोकसर में 3 फुट के आसपास बर्फ पड़ी है। प्रशासन ने हिमखंडों के गिरने की आशंका के चलते लोगों से अपील की है कि सभी अपने घरों में ही रहें।

उधर बारालाचा में फंसे 244 लोगों को माइनस 15 डिग्री की ठंड में बीआरओ व जिला प्रशासन लाहौल द्वारा रेस्क्यू करने के पश्चात अब उन्हें माउंटेनियरिंग इंस्टिट्यूट, होटलों, रेस्ट हाउस व होम स्टे में ठहराया गया है।
घाटी के किसान ताशी अंगरूप ने बताया कि भारी बर्फबारी के चलते गोभी की पनीरी के दर्जनों पॉलीहॉउस ध्वस्त होने से लगभग 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ताज़ा जानकारी के अनुसार चंद्रा नदी में रॉलिंग के नज़दीक हिमखंड गिरने से नदी का प्रवाह रुक गया है।








