घनश्याम शर्मा : मनाली।
जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में बुधवार की शाम से बर्फबारी का दौर जारी है। जिले के कई क्षेत्रों में हिमस्खलन की संभावना व्यक्त की गई है। रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) मनाली के चेतावनी के मध्यनजर जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों और पर्यटकों को अनावश्यक यात्रा से बचने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है। वहीं पर्यटन नगरी मनाली में वीरबार सुबह से ही बर्फबारी का दौर जारी है। मनाली और इसके आसपास के क्षेत्र बाहंग, वशिष्ट, अलेऊ, रांगड़ी, क्लाथ में 10 से 15 सेंटीमीटर तक बर्फ गिर चुकी है।
बर्फबारी से पर्यटकों सहित स्थानीय लोग भी घरों में ही दुबके हुए हैं और अंगीठी और हीटर का सहारा लिया जा रहा है। तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है l वहीं बर्फबारी के बाद घाटी सहित अटल टनल रोहतांग से भी आवाजाही पर पूर्ण विराम लग गया है। रोहतांग दर्रा, बारालाचा दर्रा, शिंकुला दर्रा, कुंजम दर्रा, घेपन पीक पर भारी तथा लाहौल के रिहाईशी इलाकों में बीती रात से रुककर कर बर्फ गिर रही है। प्रशासन ने सभी नागरिकों और पर्यटकों को सूचित किया है कि वह अनावश्यक यात्रा करने से बचने एवं अपने अपने घरों में सुरक्षित स्थानों पर रहने और किसी प्रकार का जोखिम न उठाने की अपील की है।