सोलन सब्जी मंडी में आवक बढऩे से गिरे भाव, किसानों की बढ़ी चिंता
सोलन। सोलन सब्जी मंडी में रविवार को शिमला मिर्च के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई। शनिवार तक 66 से 70 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रही शिमला मिर्च रविवार को घटकर महज 15 से 25 रुपये प्रति किलो रह गई। महज एक दिन में कीमतों में आई इस बड़ी गिरावट से किसानों को आर्थिक झटका लगा है और उनके चेहरों पर मायूसी साफ नजर आ रही है। मंडी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले दो दिनों की बारिश के बाद रविवार को मौसम साफ होने पर बड़ी संख्या में किसानों ने खेतों से शिमला मिर्च की तुड़ाई कर मंडी पहुंचाई। अचानक आवक बढऩे से मंडी में शिमला मिर्च की भरमार हो गई। मांग की तुलना में आपूर्ति अधिक होने के कारण व्यापारियों ने कम कीमतों पर ही खरीदारी की, जिससे भावों में भारी गिरावट आ गई।

उठाना पड़ सकता है आर्थिक नुकसान
किसानों का कहना है कि शिमला मिर्च की खेती में बीज, खाद, दवाइयों, सिंचाई, मजदूरी और परिवहन पर काफी खर्च आता है। ऐसे में 15 से 25 रुपये प्रति किलो का भाव मिलने से उत्पादन लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। उनका कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
अधिक मात्रा में शिमला मिर्च पहुंचने से कीमतों पर बना है दबाव
व्यापारियों के अनुसार मंडी में एक साथ अधिक मात्रा में शिमला मिर्च पहुंचने से कीमतों पर दबाव बना है। उनका कहना है कि यदि आने वाले दिनों में आवक इसी तरह अधिक रही तो दामों में जल्द सुधार की संभावना कम है। वहीं यदि आपूर्ति घटती है और बाजार में मांग बढ़ती है तो कीमतों में दोबारा उछाल देखने को मिल सकता है।
एक ही दिन में कीमतें 50 रुपये से अधिक गिरी
गौरतलब है कि शनिवार को सोलन सब्जी मंडी में शिमला मिर्च 66 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रही थी, जिससे किसानों को अच्छे दाम मिलने की उम्मीद जगी थी। हालांकि रविवार को बाजार का रुख पूरी तरह बदल गया और एक ही दिन में कीमतें 50 रुपये से अधिक गिर गईं। इस अप्रत्याशित गिरावट ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अब किसानों और व्यापारियों दोनों की निगाहें आने वाले दिनों में मंडी की आवक और बाजार की मांग पर टिकी हुई हैं। वही एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि सोलन सब्जी मंडी में शिमला मिर्च के रेट में कुछ गिरावट दर्ज की गई है।








