सोलन। सोलन बायपास पर सब्जी मंडी के समीप मंगलवार दोपहर एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर हवा में उछलती हुई पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हादसे में कार सवार एक युवक और एक युवती घायल हुए हैं। गनीमत रही कि दोनों को मामूली चोटें आईं और वे सुरक्षित बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार शिमला से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 12 बजे चालक मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार पुल से नीचे जा गिरी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कार पहले एक पेड़ से टकराई, जिससे उसकी रफ्तार कुछ कम हुई। यदि पेड़ बाधा न बनता तो कार नीचे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले सकती थी और हादसा कहीं अधिक भयावह हो सकता था।


हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे युवक-युवती को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई।








