सोलन। सोलन सब्जी मंडी में लहसुन के दामों में अचानक आई तेजी ने किसानों के चेहरों पर राहत की मुस्कान ला दी है। मंगलवार को मंडी में अच्छी गुणवत्ता वाले लहसुन का भाव बढ़कर 145 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया, जबकि पिछले कई दिनों से यही लहसुन करीब 120 रुपये प्रति किलो बिक रहा था। वहीं औसत गुणवत्ता वाले लहसुन का भाव भी 80 रुपये प्रति किलो के आसपास चल रहा था, जिससे उत्पादकों में निराशा का माहौल बना हुआ था। मंडी में अचानक 20 से 25 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी ने किसानों को बेहतर मुनाफे की उम्मीद दी है।

लहसुन की सीमित आवक तेजी का मुख्य कारण
मंडी से जुड़े जानकारों का कहना है कि लहसुन की सीमित आवक इस तेजी का मुख्य कारण है। वर्तमान में मंडी में रोजाना केवल 4 से 5 क्विंटल लहसुन ही पहुंच रहा है, जो आसपास के क्षेत्रों की मांग को पूरा करने में खप रहा है।
किसानों का अधिकांश लहसुन अभी खेतों में
जानकारी के अनुसार इस समय सोलन और आसपास के क्षेत्रों में किसानों का अधिकांश लहसुन अभी खेतों में ही है। हाल ही में हुई बारिश के कारण किसान फसल की खुदाई और मंडी तक पहुंचाने में परेशानी का सामना कर रहे हैं। यही वजह है कि मंडी में लहसुन की आवक अपेक्षाकृत कम बनी हुई है।
आवक बढ़ने की है उम्मीद
मंडी के आढ़तियों का कहना है कि अभी बाहरी राज्यों से लहसुन की मांग भी सीमित है और अन्य राज्यों के व्यापारी खरीद के लिए सोलन मंडी नहीं पहुंचे हैं। हालांकि आने वाले दिनों में जैसे-जैसे मौसम साफ होगा और खेतों से फसल निकलकर मंडी पहुंचेगी, आवक बढ़ने की संभावना है। साथ ही बाहरी राज्यों से मांग बढ़ने पर कीमतों में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल लहसुन के दामों में आई इस बढ़ोतरी ने किसानों को कुछ राहत जरूर दी है और वे बेहतर दाम मिलने की उम्मीद के साथ अपनी फसल बाजार में लाने की तैयारी कर रहे हैं।
मंडी में लहुसन के दामों में बढ़ोतरी से किसानों के लिए राहत की बाद है, फिलहाल इन दिनो लहुसन की आवाक मंडी में कम लेकिन आने वाले दिनों आवाक बढ़ेगी और बाहरी राज्यों में डिमांड बढ़ने की भी उम्मीद है, जिसके कारण रेट में और अधिक इजाफा होगा।-रोशन ठाकुर, चेयरमेन मंडी समिति , सोलन।








