दोनों आरोपियों ने शव को घर से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंका
सोलन। कसौली विधानसभा क्षेत्र के बोहली पंचायत के जोहड़ पटियाला गांव में एक नेपाली मूल के व्यक्ति की पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात को मृतक के घर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभिक जांच में आरोप है कि इसी विवाद के बाद महिला और उसके कथित प्रेमी ने व्यक्ति पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद, दोनों आरोपियों ने शव को घर से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंक दिया। रविवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमयू अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
हत्या के इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।-टीएसडी वर्मा, पुलिस अधीक्षक, सोलन।








