350 से 450 रुपये प्रति क्रेट के भाव पर बिका स्थानीय टमाटर
सोलन । प्रदेश की प्रमुख फल एवं सब्जी मंडियों में शामिल सोलन सब्जी मंडी में टमाटर सीजन की औपचारिक शुरुआत हो गई है। सीजन की पहली खेप के रूप में 21 क्रेट टमाटर मंडी में पहुंचे, जिससे व्यापारियों और किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर आढ़तियों और व्यापारियों ने मिठाई बांटकर किसानों की समृद्धि और बेहतर फसल की कामना की।

जानकारी के अनुसार, इस सीजन की पहली टमाटर खेप जिला सिरमौर से सोलन मंडी पहुंची। परंपरा के अनुसार मंडी में आढ़तियों ने कुलदेवी-देवताओं का स्मरण करते हुए टमाटर की पहली फसल का शुभ मुहूर्त किया। इसके बाद नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें स्थानीय टमाटर 350 से 450 रुपये प्रति क्रेट के भाव पर बिका।
सोलन और सिरमौर क्षेत्र के टमाटर की बड़े बाजार में ज्यादा मांग
व्यापारियों का कहना है कि सोलन और सिरमौर क्षेत्र का टमाटर अपनी बेहतर गुणवत्ता, स्वाद और लंबे समय तक ताजा रहने की विशेषता के कारण देशभर की मंडियों में विशेष पहचान रखता है। यही कारण है कि इन क्षेत्रों के टमाटर की मांग दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा सहित कई बड़े बाजारों में बनी रहती है।
टमाटर का उत्पादन अच्छा होने की उम्मीद
मंडी से जुड़े व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि इस वर्ष मौसम अनुकूल रहने से टमाटर का उत्पादन अच्छा होगा और किसानों को उनकी फसल का बेहतर मूल्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि टमाटर सीजन शुरू होने से मंडी में व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में इजाफा होगा। ढुलाई, छंटाई, पैकिंग और लोडिंग-अनलोडिंग जैसे कार्यों से बड़ी संख्या में लोगों को काम मिलता है। उल्लेखनीय है कि स्थानीय टमाटर की आवक शुरू होने से पहले सोलन मंडी में हरियाणा और पंजाब से आने वाला टमाटर बिक रहा था।
सोलन मंडी में टमाटर सीजन की शुरुआत किसानों और व्यापारियों के लिए शुभ संकेत है। सोलन और सिरमौर क्षेत्र का टमाटर अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता के कारण देशभर में पहचान रखता है। हमें उम्मीद है कि इस वर्ष उत्पादन अच्छा रहेगा और किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलेगा। टमाटर सीजन से मंडी की व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मंडी समिति किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।-रोशन ठाकुर, चेयरमैन, मंडी समिति सोलन।








