170 रुपये प्रति किलो तक पहुंची बोली, लहसुन के बढ़े दामों से किसानों के खिले चेहरे
सोलन। सोलन सब्जी मंडी में एक बार फिर लहसुन के दामों में तेजी देखने को मिल रही है। सोमवार को अच्छी गुणवत्ता वाले लहसुन की अधिकतम बोली 170 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई, जो पिछले कुछ दिनों की तुलना में 15 से 20 रुपये अधिक है। वहीं, औसत भाव करीब 100 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया, जबकि साइज में छोटे लहसुन का न्यूनतम मूल्य 50 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम रहा। लहसुन के बढ़ते दामों से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। जिन किसानों ने अपनी उपज अभी तक सुरक्षित रखी थी और देर से मंडी में पहुंचाई, उन्हें मौजूदा कीमतों का सीधा लाभ मिल रहा है।

अच्छी गुणवत्ता वाले लहसुन की लगातार बढ़ रही मांग
व्यापारियों का कहना है कि इस समय अच्छी गुणवत्ता वाले लहसुन की मांग लगातार बनी हुई है, जिससे कीमतों में मजबूती देखने को मिल रही है। मंडी से मिली जानकारी के अनुसार, इन दिनों प्रतिदिन लगभग 20 से 30 टन लहसुन की आवक हो रही है। यहां से लहसुन पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत की विभिन्न मंडियों में भेजा जा रहा है। हालांकि, पहले की तुलना में लहसुन की आवक में 70 से 80 प्रतिशत तक कमी आ चुकी है, क्योंकि अधिकांश किसान अपनी फसल पहले ही बेच चुके हैं। इसके बावजूद सीमित आपूर्ति और लगातार मांग के चलते बाजार में तेजी का माहौल बना हुआ है।
बीज वाले लहसुन की मांग बढ़ सकती है
मंडी के जानकारों का मानना है कि यदि आवक इसी तरह सीमित रही तो आने वाले दिनों में लहसुन के दामों में और मजबूती देखने को मिल सकती है। इससे उन किसानों को फायदा होगा जिन्होंने अभी तक अपना स्टॉक नहीं बेचा है। वहीं, बीज के लिए उपयोग होने वाले लहसुन की आवक भी फिलहाल कम बनी हुई है। इसका बाजार भाव 100 से 120 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच चल रहा है, जिसे फिलहाल सामान्य माना जा रहा है। हालांकि, विशेषज्ञों का अनुमान है कि बुवाई का समय नजदीक आने पर बीज वाले लहसुन की मांग बढ़ सकती है, जिससे इसके दामों में भी और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
सोलन मंडी में इस समय लहसुन की आवक पहले की तुलना में कम है, जबकि बाजार में मांग लगातार बनी हुई है। इसी कारण कीमतों में मजबूती देखने को मिल रही है। किसानों को सलाह है कि वे बाजार की स्थिति को समझते हुए अपनी उपज की बिक्री का निर्णय लें। आने वाले दिनों में भी लहसुन के दाम मजबूत बने रहने की संभावना है।-रोशन ठाकुर, चेयरमैन, मंडी समिति सोलन।








