सोलन। सोलन स्थित सोसाइटीगंज बाजार में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां चाय बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले एक व्यक्ति को शातिर डिजिटल ठगों ने अपना शिकार बनाया है। ठगों ने पीड़ित का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते से 1.75 लाख रुपये की कमाई पलक झपकते ही साफ कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

पीड़ित की पहचान विद्या दत्त के रूप में हुई है। विद्या दत्त ने बताया कि उसके मोबाइल पर एक कॉल आई थी, जिसमें कॉलर ने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताया। जालसाज ने क्रैडिट कार्ड और बैंकिंग प्रक्रिया को अपडेट करने का झांसा देकर उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया। कॉल कटने के कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल फोन अचानक हैंग होने लगा। स्थिति यह हो गई कि फोन पूरी तरह से लॉक हो गया और वह किसी भी मोबाइल एप या यूपीआई सेवा का इस्तेमाल नहीं कर पा रहा था।
पीड़ित को 2 दिन तक नहीं लगी भनक
ठगों का तरीका इतना शातिर था कि पीड़ित विद्या दत्त को 2 दिन तक इस बात की भनक तक नहीं लगी कि उसके साथ कोई धोखाधड़ी हुई है। दो दिन बाद जब उसका फोन वापस सामान्य स्थिति में आया और उसने बैंक की तरफ से आए हुए मैसेज चैक किए, तब उसे पता चला कि उसके खाते से 1.75 लाख रुपए कट चुके हैं। अपने साथ हुई इस बड़ी ठगी के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है और आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।








