मुख्य आरोपी चिराग वर्मा गिरफ्तार, तीन दिन के पुलिस रिमांड पर
सोलन। सोलन शहर में एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से सूचना मिली कि काली माता मंदिर क्षेत्र में हुए हिंसक झगड़े में घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर सोलन की टीम अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि काली माता मंदिर, शामती-राजगढ़ मार्ग पर दो वाहनों के बीच हुई मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि बाद में आरोपी पक्ष ने खुण्डीधार क्षेत्र में उन्हें रोककर गाली-गलौज की, धमकियां दीं और मारपीट की। पुलिस के अनुसार विवाद यहीं नहीं रुका। आरोपियों ने बाद में शूलिनी माता मंदिर के समीप शिकायतकर्ता पक्ष के वाहन को रोक लिया और उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड, गंडासों तथा अन्य हथियारों का इस्तेमाल करते हुए वाहन में सवार लोगों पर हमला किया, जिससे कई लोग घायल हो गए। हमले में एक व्यक्ति के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आगे के उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया। घटना में वाहन को भी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज
इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया गया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाते हुए साक्ष्य के रूप में शामिल किया है। जिला पुलिस सोलन ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चिराग वर्मा (25 वर्ष) निवासी महादेव विला, हॉस्पिटल रोड, सोलन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी एवं जांच की जा रही है।
जिला पुलिस कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती रहेगी। और किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मामले की जांच जारी है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।-तिरुमला राजू एसडी वार्मा, एसपी, सोलन।







