सोलन। सोलन जिले में एक दर्दनाक सडक़ हादसे में एक प्रशिक्षु डॉक्टर की जान चली गई। यह हादसा सुल्तानपुर-मझोली मार्ग पर गुरुवार तडक़े करीब 4 बजे पेश आया।
जानकारी के अनुसार, एक महिंद्रा थार गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि चालक को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान जिला ऊना निवासी के रूप में हुई है, जो सुल्तानपुर स्थित एमएमयू में एमबीबीएस करने के बाद इंटर्नशिप कर रहा था। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह वाहन में अकेला सवार था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का नियंत्रण से बाहर होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। मामले की पुष्टि सोलन एसपी तिरुमलाराजू एसडी वार्मा ने की।








