सोलन । सोलन मंडी में सोमवार को टमाटर के दामों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों की तुलना में टमाटर के भाव प्रति क्रेट 50 से 100 रुपये तक बढ़ गए, जिससे किसानों में बेहतर आय की उम्मीद जगी है। मंडी में सोमवार को अच्छी गुणवत्ता वाले टमाटर का अधिकतम भाव 800 रुपये प्रति क्रेट तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम भाव भी 500 से 550 रुपये प्रति क्रेट के बीच रहा। इससे पहले टमाटर के अधिकतम दाम 700 से 750 रुपये प्रति क्रेट के आसपास चल रहे थे। व्यापारियों के अनुसार मंडी में टमाटर की आवक कम होने के कारण कीमतों में तेजी देखने को मिली। सोमवार को सोलन और आसपास के क्षेत्रों से केवल 500 से 600 क्रेट टमाटर ही मंडी पहुंचे। आपूर्ति में आई इस कमी का सीधा असर बाजार भाव पर पड़ा।

बरसाती टमाटर की आवक शुरू होने की संभावना
हालांकि हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से कुछ इलाकों में टमाटर की फसल प्रभावित होने की खबरें हैं, लेकिन वर्तमान में मंडी में मुख्य रूप से गर्मियों की फसल पहुंच रही है। आने वाले दिनों में बरसाती टमाटर की आवक शुरू होने की संभावना है। यदि कीमतों में यह मजबूती बनी रहती है तो मौसम की मार झेल रहे किसानों को नुकसान की भरपाई करने में मदद मिल सकती है।

सोलन मंडी में लहसुन के दाम फिलहाल स्थिर
सोलन मंडी में लहसुन के दाम फिलहाल स्थिर बने हुए हैं। अच्छी गुणवत्ता वाला लहसुन करीब 150 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि मध्यम गुणवत्ता का लहसुन 80 से 90 रुपये प्रति किलो के भाव पर उपलब्ध है। छोटे आकार के लहसुन की कीमत 40 से 50 रुपये प्रति किलो के बीच बनी हुई है। मंडी के जानकारों का कहना है कि इस वर्ष लहसुन की अच्छी पैदावार और अधिक आवक के कारण इसके दाम फिलहाल स्थिर रहने की संभावना है। वहीं बीज के लिए उपयोग होने वाले लहसुन का भाव भी 80 से 90 रुपये प्रति किलो के आसपास चल रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि सितंबर में लहसुन की बुवाई का सीजन शुरू होने पर बीज वाले लहसुन की मांग बढ़ सकती है, जिससे उसके दामों में तेजी देखने को मिल सकती है।
टमाटर के दामों में आई तेजी किसानों के लिए सकारात्मक संकेत है। यदि बाजार में मांग और आवक का संतुलन बना रहा तो उत्पादकों को अपनी फसल का बेहतर मूल्य मिल सकेगा। वहीं लहसुन के दाम फिलहाल स्थिर हैं, लेकिन आगामी बुवाई सीजन में बाजार की स्थिति पर नजर रहेगी।-रोशन ठाकुर, चेयरमैन, मंडी समिति सोलन।








