सीजन की शुरूआत में ही 1000 रुपये प्रति क्रेट पार
सोलन । सोलन की सब्जी मंडी में टमाटर के दामों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सीजन की शुरूआत में ही टमाटर के भाव 1000 रुपये प्रति के्रेट का आंकड़ा पार कर गए हैं, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। पिछले कुछ दिनों पहले तक टमाटर 850 रुपये प्रति क्रेट के आसपास बिक रहा था, लेकिन एक सप्ताह के भीतर ही कीमतों में उल्लेखनीय उछाल देखने को मिला है।

एक सप्ताह में 600 रुपये प्रति क्रेट की हुई बढ़ोतरी
जानकारी के अनुसार सीजन की पहली खेप जब सोलन मंडी पहुंची थी, तब टमाटर का भाव करीब 450 रुपये प्रति क्रेट था। इसके बाद मांग और सीमित आवक के चलते दामों में लगातार वृद्धि होती रही और अब कीमतें 1000 रुपये से ऊपर पहुंच गई हैं। एक सप्ताह के दौरान लगभग 600 रुपये प्रति क्रेट की बढ़ोतरी किसानों के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।
हर दिन मंडी में पहुंच रहे हैं 100 से 200 क्रेट टमाटर
वर्तमान में मंडी में प्रतिदिन करीब 100 से 200 क्रेट टमाटर पहुंच रहा है। यह आवक मुख्य रूप से आसपास के क्षेत्रों तथा नदी किनारे उगाई गई फसलों से हो रही है। शुरुआती उत्पादन होने के कारण बाजार में टमाटर की उपलब्धता अभी सीमित है, जिसका सीधा असर कीमतों पर दिखाई दे रहा है।
कीमतों में बन सकती है उतार-चढ़ाव की स्थिति
कृषि विशेषज्ञों और व्यापारियों का मानना है कि अभी टमाटर सीजन की शुरूआत भर है और लगभग 90 प्रतिशत फसल का बाजार में आना बाकी है। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे उत्पादन बढ़ेगा, कीमतों में उतार-चढ़ाव की स्थिति बन सकती है। फिलहाल ऊंचे दाम किसानों के लिए उत्साहजनक हैं और उन्हें अच्छी आमदनी की उम्मीद जगी है। मंडी में टमाटर के बढ़ते भावों से किसान वर्ग में सकारात्मक माहौल बना हुआ है। कई किसानों का कहना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा और कीमतें इसी स्तर पर बनी रहीं तो इस बार उन्हें फसल का बेहतर लाभ मिल सकता है। बढ़ती कीमतों ने खेती की लागत निकालने के साथ-साथ अतिरिक्त आय की उम्मीद भी बढ़ा दी है।
अभी टमाटर के सीजन की शुरुआत है मण्डी में जो टमाटर पंहुच रहा हे वो सोलन के आस पास के क्षेत्रों तथा जहां पानी की उपलब्धता है वहां के फिलहाल टमाटर के शुरूआती दामों से किसान खुश हैं उम्मीद है कि इस सीजन में जिला के किसानों के लिए टमाटर फायदे का सौदा होगा।-रोशन ठाकुर, चैयरमेन मंडी समिति सोलन।







