शिमला। आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा संचालित सोमनाथ मूल ज्योतिर्लिंग यात्रा के शिमला पहुंचने पर बुधवार को शहर में भक्ति और उत्साह का संगम देखने को मिला। रिज मैदान पर पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने रिज से पदम देव कॉम्पलैक्स तक पहुंचकर ज्योतिर्लिंग के दिव्य दर्शन किए। शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक चले इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान लोगों को ज्योतिर्लिंग के दर्शन के साथ स्पर्श पूजाए सत्संग और प्रसाद वितरण का लाभ मिला। पूरे आयोजन के दौरान रिज मैदान का वातावरण वैदिक मंत्रोच्चारण और भजनों से शिवमय बना रहा।

वैदिक मंत्रों के उच्चारण से माहौल बना भक्तिमय
राज्य मीडिया प्रभारी तृप्ता शर्मा ने बताया कि आश्रम से आए स्वामी विरुपाक्ष, स्वामी रामानंद और वेद पंडितों ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण से माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजन मंडली के शानू, नविता सूद, भूपेंद्र शर्मा और आशा किमटा ने भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
श्रद्धालुओं ने भक्ति और सेवा का दिया परिचय
इस अवसर पर नगर निगम शिमला, महापौर सुरेंद्र चौहान और उप महापौर उमा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उन्होंने भी पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया और भगवान सोमनाथ का आशीर्वाद लिया। बताया गया कि यह यात्रा चंबा से शुरू होकर 9 अप्रैल को शिमला पहुंची है। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का संदेश देना है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, साधकों और स्वयंसेवकों ने भाग लेकर भक्ति और सेवा का परिचय दिया।







