हिमाचल दस्तक ब्यूरो। बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश भाजपा महामंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि भाजपा का मंत्र, अपना बूथ सबसे मजबूत है, जिसके लिए प्रदेश, जिला व मंडल में बूथ स्तर पर प्रशिक्षण शिविर हो रहे हैं।
प्रशिक्षण भाजपा की कार्यशैली का महत्वपूर्ण अंग है। इनकी शुरुआत भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा दिल्ली से की गई थी। त्रिलोक जम्वाल पंजगाई में आयोजित एक दिवसीय अभ्यास वर्ग को संबोधित कर रहे थे।
इस प्रशिक्षण शिविर में सदर विधायक सुभाष ठाकुर, मंडल अध्यक्ष हंस राज ठाकुर, ज़िला प्रवक्ता रूप लाल ठाकुर, मंडल महामंत्री प्यारे लाल चौधरी, पवन ठाकुर, ज़िला परिषद अध्यक्ष मुस्कान एवं प्रदेश सचिव सीमा ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
त्रिलोक जम्वाल ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत कर इस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को तीन-तीन बार विधानसभा भेजा है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को केंद्र में सांसद चुन कर भेजा और अब सुभाष ठाकुर को विधानसभा भेजा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा राजनीतिक दल है जो सत्ता के माध्यम से समाज की सेवा करने में अग्रिम भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के 7 मोर्चे और 29 प्रकोष्ठ प्रदेश में काम करते हैं जिसके माध्यम से भाजपा के हर वर्ग में कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और भाजपा की शक्ति को बढ़ाना हमारा काम है।
इस कड़ी में हम अपना बूथ सबसे मजबूत की योजना पर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पंच परमेश्वर सम्मेलन का आयोजन करेगी, भाजपा जिसमें सभी वार्ड मेंबर भाग लेंगे।
जम्वाल ने कहा कि आम लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की कई योजनाओं का बड़ा लाभ मिल रहा है, इनमें आयुष्मान योजना व हिम केयर योजना व हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना जो कि उज्ज्वला योजना का ही एक रूप है। इस योजना का उद्देश्य राज्य में लाभार्थी महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन प्रदान करना है। इस कार्यक्रम में सभी बूथ त्रिदेवों ने भाग लिया।