- प्रतिभा सिंह ने पूछा भाजपा से सवाल
- सिलेंडर 400 का महंगा था या 1100 का
- अब महंगाई पर नेताओं की बोलती बंद क्यों है
विशेष संवाददाता। शिमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा है कि देश में यूपीए सरकार में 400 रुपये का गैस सिलेंडर मिलने पर हाय तौबा करने वाले भाजपा नेताओं की आज 1100 रुपये में जुबान क्यों बन्द हो गई है। उन्होंने पूछा कि क्या गैस सिलेंडर 400 का महंगा था या फिर 1100 में सस्ता मिल रहा है।
उन्होंने कहा है कि देश में भाजपा नेताओं की इस अंदभक्ति ने लोगों के जीवन में अंधेरा कर दिया है। देश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी भाजपा की नीतियों का ही परिणाम है जो लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) ने कहा कि देश में कच्चे तेल के मूल्यों में भारी कमी के बावजूद केंद्र सरकार इसके मूल्यों में कोई कमी नहीं कर रही है। साफ है कि सरकार तेल कंपनियों को लाभ देने के लिए व अपना खजाना भरने के लिये तेल के मूल्यों में कमी नहीं कर रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश में सेब बागवानों की स्थिति पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर (jairam THAKUR) को न तो बागवानों की ही कोई चिंता है न किसानों की ही। उन्होंने सरकार से किसानों बागवानों के लिए कोई आर्थिक पैकेज देने की मांग करते हुए कहा है कि किसानों, बागवानों के कृषि ऋणों से राहत देते हुए इसे माफ किया जाना चाहिए। प्रदेश में भारी बारिश व ओलावृष्टि से किसानों बागवानों को भारी नुकसान हुआ है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश इस समय गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार जनमत खो चुकी है इसलिए उन्हें अब प्रदेश में विधानसभा चुनावों की सिफारिश करनी चाहिए।