विशेष संवाददाता। शिमला
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संगठनों के चुनावों के संबंध में राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने राज्यपाल शिव प्रताप
शुक्ल को अपनी रिपोर्ट सौंपी है। शुक्रवार को वह राजभवन गए जहां पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से उन्होंने मुलाकात
की। बताया जाता है कि अनिल खाची ने बंद लिफाफे में अपनी रिपोर्ट राज्यपाल को दी है वहीं उनसे कुछ मामलों पर चर्चा भी की है।
उन्होंने नियमों की बाध्यता को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायती राज व शहरी निकायों के चुनाव के लिए तय शैडयूल क्या है और राज्य चुनाव आयोग ने चुनावों को लेकर अपनी क्या तैयारियां की हैं।
साफ है कि चुनावों के लिए जो भी चुनाव सामग्री तैयार करनी थी वो हो चुकी है लेकिन जिलाधीशों ने अभी तक सरकारी प्रिंटिंग प्रेस से इलेक्शन मेटिरियल नहीं उठाया है। इसके बारे में भी राज्य के चुनाव आयुक्त ने राज्यपाल को अवगत कराया।
यहां बता दें कि कुछ दिनों पहले कुछ जिलाधीशों ने बैलेट पेपर आदि उठाने के लिए ट्रक भिजवाए थे परंतु वो खाली ही वापस बुला लिए गए। इसके बाद मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया। इससे अलग राज्य चुनाव आयुक्त ने मुख्य सचिव व संबंधित दूसरे अधिकारियों को बैठक के लिए बुलाया था लेकिन वो नहीं गए।
ऐसे में राज्य चुनाव आयुक्त नाराज थे। चुनाव से जुड़ी पूरी तैयारियों और कानूनन जो प्रक्रिया है उसके बारे में अब राज्यपाल को उन्होंने अपनी रिपोर्ट दे दी है।
इस मामले में अब राजभवन भी शुमार हो गया है जो सरकार से इस विषय पर जवाब मांग सकता है। राज्यपाल ने कहा है कि चुनाव समय पर होने चाहिएं वरना अस्थिरता फैलती है। अब देखना होगा कि यह मामला तूल पकड़ेगा या नहीं।





