राजीव भनोट। ऊना
हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के राज्य अध्यक्ष सुमेश शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मंडी प्रवास के दौरान मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के साथ दुकानें बंद होने के चलते व्यापारियों को दरपेश आ रही समस्याओं बारे चर्चा की।
इस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल से आग्रह किया कि कोरोना संकट के चलते फिलहाल प्रदेश में स्थिति नाजुक है। संक्रमण फैल रहा है। ऐसे में सबसे अधिक सहयोग की जरूरत व्यापारियों से है, ताकि प्रदेश को जल्द सही व स्वस्थ हालात में लाया जा सके।
जयराम ठाकुर ने कहा कि व्यापारियों का सबसे अधिक योगदान प्रदेश के विकास व रोजगार देने में है। ऐसे में वह भावनात्मक रूप से व्यापारियों की समस्याओं को समझते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी हालात सामान्य होने तक कुछ समय और सहयोग करें, सरकार चरणबद्ध ढंग से व्यापारियों को राहत देने की योजना बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑनलाइन खरीद को लेकर जो सुझाव व्यापार मंडल ने दिए हैं, उन पर भी सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने व्यापारियों के पक्ष को ध्यानपूर्वक सुना है और अपना समर्थन भी दिया है।
ऐसे में कोरोना संकट के चलते आने वाले कुछ समय सरकार की बंदिशों व नियमों का पालन व्यापारी करेंगे। सरकार हालात ठीक होते ही व्यापारियों को राहत प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन खरीद पर भी व्यापार मंडल ने आपत्ति व्यक्त करते हुए इसे बंद करने की मांग उठाई, जिस पर मुख्यमंत्री ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है।
सुमेश शर्मा ने प्रदेश के सभी व्यापारियों व व्यापार मंडल में शामिल व्यापारी नेताओं का संगठन की ताकत को बढ़ाने के लिए आभार भी जताया है।