हिमाचल दस्तक। सुंदरनगर
कोरोना योद्धाओं में सलापड़ चेकपोस्ट पर सेवा दे रहे कर्मचारियों तथा सुंदरनगर के प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों को हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ शिक्षा खंड सुंदरनगर एक के पदाधिकारियों ने मास्क बांटे।
यह जानकारी संघ के मीडिया प्रभारी संजीव चंदेल ने दी। उन्होंने बताया कि संघ हमेशा से ही प्रशासन का सहयोग करता रहा है तथा जरूरतमंदों की सेवा करने में सबसे आगे रहता है। इस अवसर पर नई पेंशन स्कीम कर्मचारी संघ सुंदरनगर के अध्यक्ष सुशील शर्मा, लेख राज, प्रीतम, टेक चंद, विजय कुमार तथा भगत राम चंदेल भी मौजूद रहे।
संघ के अध्यक्ष नरेश ठाकुर ने सभी का धन्यवाद किया और कहा कि संघ आगे भी इसी प्रकार मदद करता रहेगा। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि उन प्राथमिक पाठशालाओं को सेनेटाइज किया जाए जहां पर संस्थागत क्वारंटीन सेंटर बनाए गए थे।