हिमाचल में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने अपने पद पर 4 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण कर लिया है। नेता प्रतिपक्ष के पद पर रहते हुए उनके नेतृत्व को कांग्रेस हाई कमान, विधायक व प्रदेश के नेता भी सराह रहे हैं। कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, वरिष्ठ विधायक आशा कुमारी व युवा विधायक विक्रमादित्य सिंह सहित अन्यों ने भी मुकेश को बधाई दी है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने 4 वर्ष पूर्ण होने पर हिमाचल दस्तक के साथ विशेष बातचीत की। प्रस्तुत है बातचीत के मुख्य अंश…
राजीव भनोट 5 ऊना
नेता प्रतिपक्ष मुकेश ने कहा कि संघर्ष जारी है और लक्ष्य 2022 में कांग्रेस की सरकार प्रदेश में बनाना है, जिसके लिए लगातार काम किया जाएगा, सबको साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा। कार्यकर्ता व नेता सब मिलकर पार्टी को मजबूत करते हुए जनता से तालमेल बिठाते हुए आगे बढ़े। जनता ने 4 वर्षों में जो समय विपक्ष के रूप में कांग्रेस को स्नेह दिया और पिछले वर्ष जो ऊर्जा व संजीवनी 4 उपचुनाव जीता कर दी, उसको आगे बढ़ाते हुए विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करने के लक्ष्य से सब आगे बढ़ेंगे।
मुकेश ने कहा कि मैं कभी किसी पद की दौड़ में नहीं रहा। नेता विपक्ष के रूप में हमारे मार्गदर्शक अंगुली पकड़कर राजनीति में लाने वाले स्वर्गीय वीरभद्र सिंह, कांग्रेस हाईकमान सभी विधायकों के सहयोग से यह जिम्मेदारी दी गई और आज हम व्यक्तिगत रूप से भी संतुष्ट हैं कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी, उसका निर्वहन हिमाचल के हितों के लिए जनता की आवाज उठाने के लिए संघर्ष के साथ पूरा किया है। जनता ने उप चुनाव जीता कर एक उत्साह प्रदान किया है। हम सबको लक्ष्य व संकल्प के साथ आगे बढऩा है। कांग्रेस हाईकमान ने सदैव मार्गदर्शन किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व हिमाचल कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला ने सदैव आगे बढ़कर जो हौसला दिया, उसके कारण ही हिमाचल में कांग्रेस को मजबूत करने व आगे बढ़ाने में हम सब मिलकर कामयाब हुए है। मुकेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने दबाने व डराने का खूब प्रयास किया, लेकिन हम न डरे हैं, न डरेंगे, न रुके हैं, न रुकेंगे। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रूप से मैंने कोई लड़ाई नहीं लड़ी, बल्कि सामूहिक रूप से किया गया संघर्ष है, जिसके कारण हम सब कांग्रेस को मजबूत कर पाए हैं। नेतृत्व के सवाल पर उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत नेतृत्व का न कोई मसला था, न है, हम सामूहिक आगे बढ़ रहे हैं।
कांग्रेस हाइकमान के निर्देशों से आगे बढ़ रहे हैं, बढ़ते रहेंगे। ुकेश ने कहा कि आज जिस उम्मीद के साथ जनता कांग्रेस की ओर देख रही है, 4 वर्षों की कड़ी मेहनत का परिणाम है, सब ने प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि अब किसी को भी लापरवाह नहीं होना है। मुकेश ने कहा कि भाजपा की सरकार जनता को राहत देने में नाकामयाब साबित हुई है।
प्रदेश में ना तो राष्ट्रीय राजमार्ग बने, न हवाई पट्टी बनी, न रेल बनी, न कोई नया विकास हुआ। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम केवल घोषणा के लिए जाने जाएंगे या झंड मंच उनकी उपलब्धि रहेगा। माफिया हावी रहा है, लूट मचाई गई है। कांग्रेस पार्टी इस सब के विरुद्ध सड़कों पर रही है। मुकेश ने कहा कि आगे भी संघर्ष कर कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से भाजपा की सरकार को बेनकाब करेगी और जनता निश्चित रूप से आने वाले समय में कांग्रेस को जन समर्थन देकर पूर्ण बहुमत से सरकार में लाएगी।
सत्ता में आते ही हिमाचल की तकदीर व तस्वीर को बदल कर आगे बढ़ाने का काम कांग्रेस के नेतृत्व में किया जाएगा। मुकेश ने कहा कि 4 वर्षों में बतौर नेता विपक्ष सब के सहयोग के लिए वे आभारी हैं और आगे आने वाले समय में सब कंधे से कंधा मिलाकर चलें। मुकेश ने कहा कि जनता की आवाज को और बुलंद करें, जनता के मुद्दों को उठाएं, कांग्रेस पार्टी हिमाचल के लिए क्या बेहतर करेगी, उस पर मंथन करें, इस सब पर विचार कर आगे बढ़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाला वक्त कांग्रेस का है।
मुकेश के चार साल, राठौर के तीन साल पूरे, राजीव शुक्ला ने दी बधाई
शिमला। प्रदेश में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री को इस कुर्सी पर बैठे चार साल का समय हो गया है। वहीं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के भी तीन साल पूरे हो गए हैं। इन दोनों नेताओं को कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने बधाई दी है। वहीं प्रदेश के नेताओं व कार्यकर्ताओं की ओर से भी बधाइयों का तांता लग गया है। सोमवार को पार्टी कार्यालय में शिमला शहरी व ग्रामीण कांग्रेस की ओर से एक जश्न रखा गया है। दोनों नेताओं के नेतृत्व में कांग्रेस ने विस के उपचुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
चारों सीटों पर कांग्रेस जीतकर आई लेकिन उससे पहले संसद चुनाव और नगर निगम में उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा खासकर लोस चुनाव में। अभी भी कांगे्रस में सर्वमान्य नेता की लड़ाई चल रही है जो थमने वाली नहीं है। हालांकि जो नेता अभी तक दावे कर रहे थे वह अब शांत बैठे हैं, जिनके मुंह हाई कमान ने सिल दिए हैं। परंतु चुनाव से ठीक पहले एक बार फिर से इनकी सियासत गर्माएगी और तब कांग्रेस में बड़ा बवाल मचेगा।
मील का पत्थर साबित हुए प्रदेशाध्यक्ष के तीन साल: किरण
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के सफलतापूर्वक तीन साल पूर्ण होने पर कांग्रेस प्रवक्ता किरण धांटा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की राजनीति के लिए ये तीन साल मील का पत्थर साबित हुए हंै। प्रवक्ता ने कहा कि कुलदीप सिंह राठौर ने जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ न केवल सामंजस्य स्थापित किया बल्कि संगठन को ऊंचाई पर ले जाने के लिए अथक प्रयास किए हैं। उनके प्रयासों से कांग्रेस संगठन को एकजुट करने में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि कुलदीप राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार आगे बढ़ रही है जिसने उपचुनाव में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। आगे विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहेगा और पार्टी वापस सत्ता में आएगी।