मुनीष सूद। जयसिंहपुर
जयसिंहपुर उपमंडल के तहत बालकरूपी पंचायत के झमेतर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता द्वारा शुक्रवार देर रात फंदे से लटककर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। इस मामले में विवाहिता के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर उनकी बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।
शनिवार सुबह बालकरूपी के पंचायत प्रधान द्वारा सूचना दिए जाने पर टिक्कर (पंचरुखी) से लड़की के मायके वाले बालकरूपी गांव पहुंचे। गुस्साए मायके वालों ने उनकी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल वालों के घर मे तोडफ़ोड़ भी की। लंबागांव पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विवाहिता ईशा की 2 साल पहले बालकरूपी के अजय कुमार से शादी हुई थी और उसकी 6 माह की बेटी भी है। मृतका के भाई संजीव मिन्हास ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की सास व पति पिछले कुछ दिनों से उसकी बहन को परेशान कर रहे थे। दो दिन पहले उसकी बहन का पति लुधियाना चला गया। संजीव ने बताया कि शुक्रवार रात 12 बजे उसकी मां की बहन से बात भी हुई थी। उसने आरोप लगाया कि उसकी बहन का शव पुलिस व उनके आने से पहले ही उतार दिया था।