धर्मशाला में चुनावी शोर में बैठकों का दौर
धर्मशाला । प्रदेश की ग्रामीण सत्ता को कांगड़ा जिला के मुख्यालय धर्मशाला से साधने के लिए कांग्रेस पार्टी की गतिविधियां दो दिनों से तेज हैं। कांगड़ा जिला मुख्यालय में सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार तथा मंगलवार को कांग्रेस को जीत का मंत्र दिया। कांगड़ा में सीएम सुक्खू ने होटल रेडिसन से निकलने के बाद मंगलवार सुबह फिर से सर्किट बैठक में कांग्रेस नेताओं से बातचीत की। वहीं सोमवार शाम 6.30 बजे होटल रेडिसन पहुंचे सीएम ने कांग्रेस नेताओं से बैठक की। अहम मानी जा रही इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उपसचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया तथा भोरंज विधायक सुरेश कुमार शामिल रहे।

बैठक में संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से आगामी पंचायत चुनावों और वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति पर गहन विचार-विमर्श किया गया, ताकि पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जा सके। मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस अवसर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया तथा कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया। बैठक को पार्टी की आगामी चुनावी तैयारियों के दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दिल्ली लौटे केसी वेणुगोपाल
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल मंगलवार सुबह सवा 9 बजे की इंडिगो की फ्लाइट में कांगड़ा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इससे पूर्व वेणुगोपाल ने कांगड़ा के गुप्तगंगा में चल रहे कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए तथा धर्मशाला में कांग्रेस की अहम बैठकों में शामिल रहे। वहीं उन्होंने सोमवार को लोक लेखा समिति की बैठक में भाग लिया।
सीएम से मिले टैक्सी ऑपरेटर
इस दौरान जिला कांगड़ा टैक्सी ऑपरेटर्स के करीब दो दर्जन पदाधिकारियों ने भी सर्किट हाऊस पहुंच कर मुख्यमंत्री सुखविद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। टैक्सी ऑपरेटर एटीएस के मामले पर वाहनों की पासिंग मैनुअल करने पर राहत मिलने के चलते मुख्यमंत्री का धन्यवाद करने हेतु सर्किट हाउस धर्मशाला पहुंचे थे। यहां उन्होंने सीएम को अपनी चिंताओं से अवगत करवाया। सीएम ने टेक्सी यूनियन कांगड़ा के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया गया।
पहले रैत, फिर कांगड़ा, फिर एयरपोर्ट पहुंचे सुक्खू
दोपहर बाद करीब तीन बजे धर्मशाला के सर्किट हाउस से शाहपुर हल्के के रैत के लिए रवाना हुए। इसके बाद वो कांगड़ा के गुप्तगंगा में चल रहे प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 5.30 बजे कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे। हालांकि इसके बाद उन्होंने ढ़गवार में निमार्णाधीन मिल्क प्लांट कार्य का निरीक्षण किया तथा इसके बाद रात्रि ठहराव के लिए धर्मशाला के सर्किट हाऊस पहुंचे।








