विजय शर्मा। सुंदरनगर
मंडी जिला प्रशासन द्वारा जिला में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत लोगों को गांव-गांव में नशे के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में उपमंडल सुंदरनगर की अतिदुर्गम पंचायत पौड़ाकोठी में सर्व समन्वयक दिले राम की अगुवाई में महिला मंडल शेष धार ने रैली का आयोजन किया, इसमें लोगों को नशे के प्रति घर-घर जाकर जागरूक किया गया और अभिभावकों से बच्चों को नशे से दूर रहने का आग्रह किया गया।
सर्व समन्वयक दिले राम ने कहा की उपायुक्त मंडी के दिशा-निर्देश के अनुसार मंडी जिले को नशा मुक्त करने के लिए लोगों को गांव-गांव में नशे के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में महिला मंडलों का सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे की दलदल में फंसते जा रहे युवा वर्ग को नशे के प्रति जागरूक करना हमारा कर्तव्य है।
उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि बच्चों का पूरा ध्यान रखें ताकि वे नशे के दलदल में न फंसें। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और लोगों को नशे के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य मंडी जिले को नशा मुक्त जिला बनाना है।