नई दिल्ली:
कर्नाटक में एक संदिग्ध मरीज की हैदराबाद में मौत हो गई। उसे गुलबर्ग इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (जीआईएमएस) में भर्ती कराया गया था। बाद में हैदराबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार रात उसकी मौत हो गई।
अगर उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो देश में इस बीमारी से मौत का यह पहला मामला होगा। उधर, केरल में एक 85 साल की बुजुर्ग संक्रमित महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं, महिला के 96 साल के पति की हालत स्थिर है। वे एक कोरोनो वायरस से संक्रमित व्यक्ति के माता-पिता हैं, जो 29 फरवरी को अपनी पत्नी और 24 वर्षीय बेटे के साथ इटली से लौटे थे। उधर, बुधवार को जयपुर में दुबई से लौटै 85 साल के बुजुर्ग में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही देश में इस बीमारी के 62 मरीज हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, संक्रमित मरीज को सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। व्यक्ति के साथ उसकी पत्नी और बेटे को भी आइसोलेशन में रखा गया है। ये परिवार स्पाइस जेट की फ्लाइट से जयपुर पहुंचा था। अब फ्लाइट के सभी यात्रियों को ट्रेस किया जा रहा है। साथ ही परिवार के बाकी लोगों की भी स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है।
इटली से 83 नागरिकों को लाया गया भारत
एयर इंडिया का विमान बुधवार को 83 नागरिकों को लेकर इटली के मिलान से नई दिल्ली पहुंचा। सभी यात्रियों को हरियाणा में मानेसर के सैन्य कैंप में निगरानी में रखा गया है। इनमें भारत के 74, इटली के 6 और अमेरिका के तीन नागरिक हैं।
प्रतिबंध
सरकार ने वायरस के खतरे को देखते हुए फ्रांस, जर्मनी और स्पेन के नागरिकों के देश में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। इन तीनों देशों से आने वाले उन नागरिकों के नियमित और ई-वीजा पर भी रोक लगा दी है, जिन्होंने देश में प्रवेश नहीं किया है। इमिग्रेशन ब्यूरो ने नोटिफिकेशन जारी की है।
ईरान में छह भारतीय स्वास्थ्य अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि ईरान में नमूने और परीक्षण सुविधाएं स्थापित करने के लिए छह भारतीय स्वास्थ्य अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। भारत में 108 नमूने सात मार्च को प्राप्त हुए थे। ईरान से वापस लाए गए लोगों में से सात लोगों की टेस्ट नेगेटिव पाए गए हैं।
स्कूल-कॉलेज बंद
श्रीनगर। कोरोना वायरस के मद्देनजर एहतियात के तौर पर लद्दाख प्रशासन ने इस केंद्रशासित प्रदेश में बुधवार से 31 मार्च तक सभी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय को बंद कर दिया है और श्रीनगर नगर निगम ने श्रीनगर में सभी शिक्षण संस्थानों, स्टेडियमों और स्पोट्र्स क्लबों को वीरवार से अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया है।