नंगलकलां के पास बाइक की चाबी और जूते मिले, गोताखोरों ने शुरू किया तलाश अभियान
टाहलीवाल। नगर पंचायत टाहलीवाल का 25 वर्षीय युवक ने नंगल दरिया में छलांग लगा दी। युवक की पहचान अमनदीप सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी वार्ड नंबर सात, नंगलकलां के रूप में हुई है। युवक सोमवार को घर से ड्यूटी के लिए निकला था, लेकिन ड्यूटी पर नहीं पहुंचा और देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। नंगल दरिया के किनारे युवक की मोटरसाइकिल, चाबी और जूते मिले हैं। युवक की तलाश के लिए पुलिस ने गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया है। टीम ने दरिया में संभावित स्थानों पर तलाश अभियान शुरू कर दिया है।

नंगल दरिया के पास मिली बाइक
जानकारी के अनुसार अमनदीप सिंह की सोमवार को दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक ड्यूटी थी। वह करीब दोपहर 12 बजे घर से मोटरसाइकिल पर निकला था, लेकिन ड्यूटी स्थल पर नहीं पहुंचा। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि अमनदीप की मोटरसाइकिल नंगल दरिया के पास खड़ी है। परिजन मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश की। घटनास्थल के पास युवक की बाइक की चाबी और जूते भी मिले। बताया जा रहा है कि नंगल क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में युवक के वहां पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है। इन परिस्थितियों के बाद आशंका जताई जा रही है कि युवक ने दरिया में छलांग लगाई है।
गोताखोरों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत टाहलीवाल के उपप्रधान भी कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर नंगल थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर दानिशवीर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। युवक की तलाश के लिए पुलिस ने गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया है। टीम ने दरिया में संभावित स्थानों पर तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
फॉरेंसिक टीम ने भी जुटाए साक्ष्य
वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल अमनदीप सिंह के दरिया में छलांग लगाने की पुष्टि नहीं हुई है और उसके इस कदम के पीछे क्या कारण रहे, इसका भी पता नहीं चल पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है, जबकि युवक की तलाश लगातार जारी है।








