योगी सरकार की तर्ज पर आगरा निगम में साढ़े चार वर्ष में 80 से अधिक सड़क और स्थानों के नाम बदल चुके हैं। वहीं आज यानी बुधवार को ऐतिहासिक धरोहर ताजमहल का नाम परिवर्तित कर तेजो महालय करने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि ताजगंज के भाजपा पार्षद शोभाराम राठौर दोपहर करीब तीन बजे नगर निगम सदन के अधिवेशन में इस प्रस्ताव को पेश करने जा रहे हैं।
इस संबंध में पार्षद शोभाराम राठौर ने बताया कि उन्होंने प्रस्ताव संख्या 4(7) में इस संबंध में कई तथ्य एकत्रित किए हैं। उन्हीं तथ्यों के आधार पर ताजमहल का नाम बदलकर तेजो महालय करने का प्रस्ताव नगर निगम के सदन में पेश किया जाएगा।
बता दें कि एक अगस्त को ही ताजमहल को भगवान शिव का मंदिर बताते हुए अखिल भारत हिंदू महासभा ने ताज हेरिटेज कॉरिडोर पर सांकेतिक जलाभिषेक भी किया था। महासभा ने इसकी घोषणा पहले ही कर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने महासभा के पदाधिकारियों को नजरबंद कर दिया था, लेकिन उसके बावजूद महासभा के पदाधिकारियों ने जलाभिषेक किया था। अखिल भारत हिंदू महासभा भी ताजमहल को तेजो महालय बताकर नाम बदलने का समर्थन किया था।