कांगड़ा । डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज (टांडा) में ओपीडी पर्ची काऊंटर पर एक महिला और डाटा ऑपरेटर के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने काऊंटर के अंदर जाकर डाटा ऑपरेटर को थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार घटना बीते दिन की है। एक महिला अपने पिता और छोटी बहन के साथ अस्पताल में चैकअप के लिए आई थी। जब वह पर्ची बनवाने के लिए काऊंटर पर गई, तो वहां ड्यूटी पर मौजूद डाटा ऑपरेटर ने उसे लाइन में खड़े होने को कहा। यह बात महिला को इतनी नागवार गुजरी कि वह अचानक गुस्से में आ गई और पर्ची काऊंटर को पार करके ऑपरेटर के पास पहुंच गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, महिला ने ऑपरेटर को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद ऑप्रेटर ने भी बचाव किया, जिससे वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
मानसिक रूप से परेशान थी महिला
बाद में जब मामले की सच्चाई सामने आई तो स्थिति स्पष्ट हुई। महिला के साथ आए उसके पिता और छोटी बहन ने बताया कि वह मानसिक रूप से ठीक नहीं है। वे उसे टांडा अस्पताल के मनोचिकित्सा विभाग में ही चैकअप और इलाज के लिए लेकर आए थे।
दोनों पक्षों में हुआ आपसी समझौता
टांडा चौकी इंचार्ज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पर्ची बनाने को लेकर दोनों के बीच गहमागहमी हुई थी, लेकिन महिला की मेडिकल स्थिति को देखते हुए और ऑपरेटर द्वारा शिकायत न करने पर कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया है तथा महिला को डॉक्टर से इलाज करवाने के बाद परिजनों के साथ सुरक्षित घर भेज दिया गया।








