टाटा मोटर्स ने भारतीय बाजार में अपनी नई Tiago EV को लॉन्च कर दिया है। खास बात यह है कि कंपनी ने इस इलेक्ट्रिक कार को इतने कम दाम में पेश किया है कि अब कई पेट्रोल हैचबैक कारों से भी सस्ती EV खरीदना संभव हो गया है। नई Tata Tiago EV की शुरुआती कीमत सिर्फ 4.69 लाख रुपये रखी गई है, जिसने बजट कार सेगमेंट में हलचल मचा दी है। कम कीमत के साथ इसमें लंबी रेंज, दमदार फीचर्स और बेहतर सेफ्टी भी मिल रही है, जिससे यह उन लोगों के लिए शानदार विकल्प बन सकती है ।

क्या है BaaS मॉडल
टाटा का BaaS यानी Battery-as-a-Service मॉडल इलेक्ट्रिक कार खरीदने का नया तरीका है, इसमें ग्राहक को बैटरी की पूरी कीमत एक साथ नहीं चुकानी पड़ती। कंपनी बैटरी की लागत को कार की कीमत से अलग कर देती है, जिससे शुरुआती कीमत काफी कम हो जाती है। इसके बाद ग्राहक को चलाए गए किलोमीटर के हिसाब से बैटरी यूसेज चार्ज देना होता है।
हर किलोमीटर पर कितना देना होगा चार्ज
BaaS प्लान के तहत ग्राहकों को करीब र2.6 प्रति किलोमीटर के हिसाब से बैटरी सब्सक्रिप्शन फीस देनी होगी। यानी जितनी कार चलेगी, उतना ही भुगतान करना होगा। इस मॉडल का फायदा उन लोगों को ज्यादा मिल सकता है जो कम ड्राइव करते हैं और कम बजट में EV खरीदना चाहते हैं।
बैटरी रेंज में बड़ा अपडेट
नई Tiago EV में पहले की तरह 19.2kWh और 24kWh बैटरी पैक का विकल्प मिलता है। छोटी बैटरी वाला मॉडल 226 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करता है, जबकि बड़ी बैटरी वाला वेरिएंट एक बार चार्ज करने पर 285 किलोमीटर तक चल सकता है। कंपनी के मुताबिक यह कार अब पहले से करीब 40 प्रतिशत तेजी से चार्ज होती है।

प्रीमियम डिजाइन
नई Tiago EV का लुक पहले से ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम बनाया गया है। कार में नए LED हेडलैंप, LED DRLs और क्लोज्ड फ्रंट ग्रिल दी गई है। पीछे की तरफ कनेक्टेड LED टेललैंप मिलते हैं, जिससे इसका डिजाइन ज्यादा आकर्षक दिखता है। इसके अलावा नए 15 इंच अलॉय व्हील, ब्लैक रूफ और शार्क फिन एंटीना भी दिए गए हैं।

सेफ्टी का रखा है विशेष ख्याल
सुरक्षा के मामले में भी नई Tiago EV काफी दमदार बनाई गई है। इसमें स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग दिए गए हैं। इसके अलावा 360 डिग्री कैमरा, ब्लाइंड व्यू मॉनिटर, ABS, EBD, ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल होल्ड असिस्ट और TPMS जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं। कंपनी का दावा है कि कार की बॉडी स्ट्रेंथ को भी पहले से ज्यादा मजबूत बनाया गया है।
बैटरी की वारंटी ने बढ़ाया भरोसा
नई Tiago EV में कंपनी बैटरी पर लाइफटाइम वारंटी भी दे रही है. इससे ग्राहकों की बैटरी रिप्लेसमेंट और मेंटेनेंस से जुड़ी चिंता काफी हद तक कम हो सकती है। खास बात यह है कि BaaS मॉडल में बैटरी का रखरखाव भी कंपनी की जिम्मेदारी होती है।










